ब्रेकिंग न्यूज़

मप्र के रतलाम में बिहार एसटीएफ की गाड़ी पलटी, दो जवानों की मौत

भोपाल, मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई आठ लेन एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह गुजरात जा रही बिहार एसटीएफ की गाड़ी अनियंत्रित होकर पटल गई। इस हादसे में एसटीएफ के दो जवानों की मौत हो गई, जबकि चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें रतलाम तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में एक की हालत गंभीर होने की वजह से उन्हें तत्काल इंदौर रेफर किया गया। वहीं, तीन घायलों को शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद इन तीनों को भी इंदौर रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों से चर्चा कर उपचार की जानकारी ली।

रतलाम के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि बिहार एसटीएफ के जवान गया से स्कॉर्पियो वाहन (कार) में बैठकर एक अपराधी को पकड़ने के लिए गुजरात के गांधीधाम जा रहे थे। बुधवार सुबह 11 बजे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ईसरथूनी के समीप स्कार्पियो वाहन क्रमांक बीआर-02 पीके 3135 अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में उप निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) मुकुंद मुरारी और आरक्षक (कॉन्स्टेबल) विकास कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार और तीन कॉन्स्टेबल जीवधारी कुमार, मिथिलेश पासवान व रंजन कुमार कुमार घायल हुए हैं। प्रत्यदर्शियों ने बताया कि तेज गति के चलते वाहन अनियंत्रित होने के बाद पलटी खा गया। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घायल आरक्षक रंजन कुमार ने बताया कि मैं पीछे सोया हुआ था। पता नहीं कार का एक्सीडेंट कैसे हुआ। जब गाड़ी रुक गई तब बाहर निकलकर देखा तो हादसा हो गया था। घायल मिथिलेश पासवान ने बताया कि हम गया से गांधीधाम जा रहे थे। सीक्रेट ऑपरेशन था। एक्सप्रेस-वे पर रतलाम से आगे गाड़ी अनबैलेंस होने के कारण एक्सीडेंट हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *